पंचायत चुनाव में अराजकता पर बरसे विधायक सुमित हृदयेश, बोले-जनता भाजपा को सिखाएगी सबक

♦विधायक बोले – “भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की, जनता अब लामबंद हो रही है”♦जिला पंचायत चुनाव में गुंडई और विधानसभा सत्र में मनमानी पर कसा तंज♦कांग्रेस करेगी जनांदोलन की शुरुआत, प्रतिनिधि व सोशल मीडिया पदाधिकारियों की हुई घोषणा

हल्द्वानी,हिंदी न्यूज़ मानसून सत्र से लौटने के बाद कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा सरकार और प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नैनिताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुई अराजकता और विधानसभा सत्र की जल्दबाज़ी लोकतंत्र के लिए कलंक है।

हृदयेश ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के संरक्षण में गुंडई की, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को “बिहार बनाने” का सपना देख रही है, लेकिन जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर लोकतंत्र और शांति का पाठ पढ़ाएगी।

उन्होंने कहा, “भाजपा ने जिला पंचायत चुनाव में वोटों की डकैती कर लोकतंत्र की हत्या की। विधानसभा सत्र में विपक्ष के सवालों से बचने के लिए सत्र को डेढ़ दिन में ही स्थगित कर लोकतंत्र का मजाक बनाया गया। विपक्षी विधायकों के साथ बदसलूकी और मारपीट, कानून-व्यवस्था की बदहाली और जनता के मुद्दों की अनदेखी भाजपा सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाती है।”

विधायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस शीघ्र ही जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी और एक बड़े जनांदोलन की शुरुआत करेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा के खिलाफ लामबंद हो रही है।

प्रेसवार्ता के दौरान सुमित हृदयेश ने सरदार सतनाम सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की। वहीं सोशल मीडिया प्रदेश महासचिव बनाए जाने पर राजकुमार का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शोभा बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमन्त बगड़वाल, पूर्व दर्जा मंत्री सुहैल सिद्दीकी, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, प्रदेश सचिव डॉ. मयंक भट्ट, वरिष्ठ कांग्रेसी अवध विहारी शर्मा, बहादुर बिष्ट, गिरीश पांडे, सतनाम सिंह, राजकुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button