दमुवाढ़ूंगा में दबंगई कर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी।हिंदी न्यूज. एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के अनुपालन में काठगोदाम पुलिस ने दमुवाढ़ूंगा क्षेत्र में दबंगई करते हुए तमंचे से फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

बताते चलें कि 9 नवंबर 2025 की रात दमुवाढूंगा स्थित कोहली बार में दो अज्ञात युवक पहुंचे और कर्मचारियों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की शिकायत बार मालिक कृष्ण राम कोहली ने 13 नवंबर 2025 को थाना काठगोदाम में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल को आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

मार्गदर्शन सीओ सिटी हल्द्वानी  नितिन लोहनी तथा नेतृत्व थानाध्यक्ष काठगोदाम श्री विमल मिश्रा के अंतर्गत पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।लगातार खोजबीन और सुरागरसी के बाद पुलिस को आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ विप्पू पुत्र रणजीत सिंह बिष्ट निवासी नियर अंबेडकर पार्क, कुमाऊं कॉलोनी दमुवाढ़ूंगा के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रकसिया नाला, दमुवाढ़ूंगा क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग उसने घटना में किया था।आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस दूसरे युवक की भी तलाश कर रही है।पुलिस टीम में उप निरीक्षक अरुण सिंह राणा,कांस्टेबल भानु प्रताप शामिल रहे।

जिले के पुलिस प्रमुख डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने साफ कहा है कि“जिले में किसी भी प्रकार की दबंगई या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button