उपपा ने जन समस्याओं के समाधान हेतु तेज किया जनसंपर्क अभियान

हल्द्वानी ,हिंदी न्यूज. उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश व हल्द्वानी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश का संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र आज भ्रष्टाचार में बुरी तरह जकड़ा हुआ है, जिसके कारण आम जनता की समस्याएँ अनसुनी रह जाती हैं। सरकारी मशीनरी जन मुद्दों के प्रति असंवेदनशील और सहानुभूतिहीन हो चुकी है।

वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ चरमराई हुई हैं और आम जनता इलाज के लिए त्रस्त है। हल्द्वानी शहर में नशे का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और स्थिति बेहद चिंताजनक है। बताया गया कि शहर में लगभग 70 प्रतिशत युवा किसी न किसी रूप में नशे की लत का शिकार हो चुके हैं, जो भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।बैठक में एडवोकेट जितेन्द्र तिवारी ने हल्द्वानी में चल रहे निर्माण कार्यों पर प्राधिकरण की भूमिका को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में अनियमितताएँ साफ दिखाई देती हैं और इस पर सख्त निगरानी की आवश्यकता है।

इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उपपा और उसके सहयोगी संगठनों ने निर्णय लिया कि आने वाले दिनों में हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में जन-सभाएँ और बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य व्यापक जनसंपर्क कर जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए ठोस रूपरेखा तैयार करना है। पार्टी ने कहा कि जनता की भागीदारी से ही एक प्रभावी और भ्रष्टाचार मुक्त तंत्र का निर्माण संभव है।

बैठक का संचालन हल्द्वानी उपपा के संयोजक अशोक डालाकोटी ने किया। कार्यक्रम में बिशन दत्त सनवाल, दीवान सिंह खनी, एडवोकेट संगीता पांडेय, एडवोकेट जितेन्द्र तिवाड़ी, दीवान सिंह खनी, हंसा दत्त उपाध्याय, एडवोकेट मनीषा, आसिफ, दिनेश उपाध्याय, गजेन्द्र सिंह और दीपक सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उपपा आने वाले समय में जन आंदोलनों के माध्यम से भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य संकट और युवाओं में बढ़ते नशे के खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button