दी हेरिटेज स्कूल ने जीता पीएसए इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब

हल्द्वानी/लामाचौड़, दी हेरिटेज स्कूल के खेल मैदान में दो दिवसीय पीएसए  इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट रविवार को शानदार अंदाज में संपन्न हुआ। 34 टीमों के बीच चले रोमांचक मुकाबलों में मेजबान दी हेरिटेज स्कूल ने फाइनल में सरस्वती एकेडमी को 3-1 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।

टूर्नामेंट के दूसरे व अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। सुबह से ही स्कूल परिसर दर्शकों से खचाखच भरा रहा। छात्र-छात्राएं, अभिभावक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे और हर स्मैश व ब्लॉक पर तालियां बजाते रहे।

“सेमीफाइनल-1 : दी हेरिटेज ने सिन्थिया को 2-0 से दी मात”

पहले सेमीफाइनल में मेजबान दी हेरिटेज स्कूल का मुकाबला सिन्थिया स्कूल से था। हेरिटेज की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान के नेतृत्व में सटीक सर्विस, मजबूत ब्लॉक और तेज स्पाइक की बदौलत टीम ने पहला सेट आसानी से जीता। दूसरे सेट में भी सिन्थिया की टीम वापसी की कोशिश करती दिखी, लेकिन हेरिटेज के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया।

“सेमीफाइनल-2 : सरस्वती एकेडमी ने BLM को 2-1 से हराया”

दूसरा सेमीफाइनल दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला साबित हुआ। बीएलएम एकेडमी और सरस्वती एकेडमी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहला सेट बीएलएम ने जीता, लेकिन सरस्वती की लड़कियों ने शानदार वापसी की। दूसरे और तीसरे सेट में लगातार आक्रमण और बेहतरीन डिफेंस की बदौलत सरस्वती ने 2-1 से जीत दर्ज की। दर्शकों ने इस मुकाबले को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ मैच करार दिया।

“फाइनल : हेरिटेज ने सरस्वती को 3-1 से हराकर किया खिताब पर कब्जा”

खिताबी मुकाबले में एक बार फिर दी हेरिटेज और सरस्वती एकेडमी आमने-सामने थीं। दोनों टीमें पूरे जोश के साथ मैदान पर उतरीं। पहला सेट बेहद कड़ा रहा और दोनों टीमें बराबरी पर दिखीं, लेकिन हेरिटेज ने आखिरी पलों में शानदार खेल दिखाते हुए सेट अपने नाम किया। दूसरा सेट सरस्वती ने जीतकर मैच 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे और चौथे सेट में हेरिटेज के खिलाड़ियों ने गजब का प्रदर्शन किया। कप्तान की अगुवाई में टीम ने शानदार सर्विस, तेज स्पाइक और मजबूत नेट डिफेंस के दम पर लगातार बढ़त बनाए रखी। आखिरकार हेरिटेज ने मुकाबला 3-1 से जीतकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैदान पर खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जीत का जश्न मनाया।

ट्रॉफी वितरण समारोह में स्कूल के चेयरमैन, प्रिंसिपल श्रीमती दास और पीएसए के पदाधिकारियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रिंसिपल दास ने कहा, “यह जीत हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम है। ऐसा टूर्नामेंट खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है।”।युवा खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया की हल्द्वानी-नैनीताल क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button