देर रात मिली सूचना से खुला भवाली चोरी कांड,फरार अभियुक्त गिरफ्तार,

हल्द्वानी, हिंदी न्यूज़ । नैनीताल  जनपद में पुलिस और आमजन के उत्कृष्ट तालमेल का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। देर रात्रि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के मोबाइल फोन पर एक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति के चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने की आशंका जताई गई थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल पूरे पुलिस सिस्टम को सक्रिय किया। जनपद के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया और प्रोफेशनल पुलिसिंग का परिचय देते हुए त्वरित घेराबंदी के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में थाना चोरगलिया पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।

गिरफ्तार व्यक्ति से की गई सघन पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि वह थाना भवाली में दर्ज चोरी के मामले का फरार अभियुक्त है। अभियुक्त की पहचान कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 जून 2023 को अभियुक्त भवाली के रामगढ़ तिराहा स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने होटल के लगभग ₹1,20,000 नकद तथा होटल के खातों के चेक अपने खाते में आहरित कर लिए। इसके साथ ही होटल कर्मचारी हिमांशु जोशी की स्कूटी (UK04 AE 6106) लेकर फरार हो गया था।

इस संबंध में होटल स्वामी नीरज कुमार (निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर थाना भवाली में धारा 406 आईपीसी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था।लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद आज दिनांक 13 दिसंबर  को अभियुक्त को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न स्थानों पर होटल में नौकरी करता है, वहां ठगी करता है और फिर फरार हो जाता है। वर्तमान में वह चोरगलिया क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत था।

पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि अभियुक्त द्वारा रानीखेत, द्वाराहाट सहित अन्य क्षेत्रों में भी ठगी की घटनाएं की गई हैं। मामले में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस  कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक  प्रकाश सिंह मेहरा, कोतवाली भवाली,वरिष्ठ उप निरीक्षक आसिफ खान, कोतवाली भवाली,उप निरीक्षक लेखराज कम्बोज, कोतवाली भवाली,कांस्टेबल महेश गिरी, कोतवाली भवाली,कांस्टेबल मलखान सिंह, थाना चोरगलिया शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में अपराध कर छिपने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। नैनीताल पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सतत, प्रभावी और कठोर कार्रवाई करती रहेगी।यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि सतर्क नागरिक, त्वरित सूचना और प्रोफेशनल पुलिसिंग के समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button