नैनीताल/तल्लीताल, हिंदी न्यूज नैनीताल जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को तल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना को गंभीर और अक्षम्य मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आरोपियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए थे, जिनका तत्काल प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।
बताते चलें कि दिसंबर को चौकी प्रभारी ज्योलिकोट, उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा द्वारा ज्योलिकोट बैरियर पर नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच खाने के बिल को लेकर विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर होटल संचालक और पर्यटकों के बीच तीखी बहस चल रही थी। पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने और विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया। इसी दौरान चार व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से आधी भरी हुई पानी की बोतल (मिल्टन) से उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा के सिर पर दो बार हमला किया। इसके साथ ही एक होमगार्ड जवान के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। यह घटना न केवल पुलिस पर सीधा हमला थी, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर अपराध भी था।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। एस एस पी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।इन निर्देशों के क्रम में उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पुलिस टीम पर हमला करने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीप चंद्र पुत्र पूरन चंद्र, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा मनोज पुत्र पूरन चंद्र, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा त्रिभुवन शर्मा पुत्र पूरन शर्मा, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा,प्रवीण चंद मंसत पुत्र पूरन चंद मंसत, निवासी ग्राम खस्ता, थाना सल्ट पर कानूनी कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना तल्लीताल में FIR कर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों में सरकारी कार्य में बाधा डालना, लोक सेवक को उसके कर्तव्यों के पालन से रोकना, आपराधिक हमला, मारपीट, गाली-गलौच तथा जान से मारने की धमकी देना शामिल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल ने स्वयं विवेचना अपने हाथ में ली। साक्ष्य संकलन के बाद चारों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
एस एस पी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने घटना को अक्षम्य बताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि “पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस टीम, थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल (विवेचक),उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल जीवन राम,कांस्टेबल मलकीत कंबोज, कांस्टेबल परमजीत सिंह,होमगार्ड गणेश भटृ शामिल रहे।
यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और कानून के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश देती है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और पुलिस पर हमला करने वालों के लिए नैनीताल पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।
