“शिक्षा के साथ मनोरंजन: द हेरिटेज स्कूल में सजा भव्य विंटर कार्निवल”
हल्द्वानी।हिंदी न्यूज द हेरिटेज स्कूल, लामचौड़ में रविवार, 21 दिसंबर को ‘आरोहण – द विंटर कार्निवल’ का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। ठंडे मौसम के बीच आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को उत्साह, उमंग और रचनात्मकता से भर दिया। कार्निवल में हजारों अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। मंच पर डॉ. प्रवेंद्र रौतेला, कात्यायन रौतेला, भव्य भण्डारी त्रिवेणी गयाल एवं मुकेश रघुवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन समारोह के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों ने नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों का सुंदर प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाकाव्य रामायण पर आधारित नाट्य मंचन रहा। विद्यार्थियों की सशक्त अभिनय कला ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, त्याग और कर्तव्यबोध को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाट्य प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके अलावा पारंपरिक कुमाऊँनी नृत्य ने स्थानीय संस्कृति की झलक पेश करते हुए दर्शकों से खूब प्रशंसा बटोरी।
विंटर कार्निवल के दौरान बच्चों और अभिभावकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही खान-पान के अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें डोमिनोज़ और बर्गर सिंह जैसे प्रसिद्ध फूड स्टॉल्स खास आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।

शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान और तकनीक से जुड़े रचनात्मक एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से रॉकेट लॉन्च कार्यक्रम ने दर्शकों में उत्साह भर दिया, जहां बच्चों ने विज्ञान के प्रयोगात्मक पहलुओं को रोचक तरीके से समझाया।

द हेरिटेज स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा पलक ने बताया,“हमने विज्ञान प्रदर्शनी में मिट्टी की परतों पर आधारित मॉडल तैयार किया। इससे हमें यह समझने में मदद मिली कि मिट्टी किस प्रकार अलग-अलग परतों में बंटी होती है और पौधों के लिए कौन-सी परत सबसे ज्यादा उपयोगी होती है।”
वहीं सातवीं कक्षा के छात्र मयक थापा ने कहा,“मिट्टी की परतों को समझना बहुत रोचक है। टॉपसॉइल में पौधों की जड़ें और कीड़े-मकोड़े होते हैं, सब-सॉइल में कंकड़ और चिकनी मिट्टी होती है, जबकि पैरेंट रॉक टूटी-फूटी चट्टानों की परत होती है। सबसे नीचे बेड रॉक होती है, जो बहुत कठोर होती है और सभी परतों को सहारा देती है। इस पर कोई पौधा नहीं उगता।”छात्रों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से पढ़ाई को समझना आसान और मजेदार हो जाता है।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और अतिथियों ने आयोजन की सफलता के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। कुल मिलाकर ‘आरोहण – द विंटर कार्निवल’ संस्कृति, शिक्षा और मनोरंजन का एक उत्कृष्ट संगम साबित हुआ, जो सभी उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया।

