हल्द्वानी में कांग्रेस स्थापना दिवस पर विचार–गोष्ठी, आधुनिक भारत के निर्माण में पार्टी के योगदान को किया गया याद

हल्द्वानी।हिंदी न्यूज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस की ओर से विचार–गोष्ठी एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके निर्णायक योगदान तथा लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी, उसकी एकता और आधुनिक राष्ट्र निर्माण की बुनियाद रही है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के आधुनिक और वैज्ञानिक भारत के सपनों से लेकर मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जेलों में लिखी गई तहरीरों तक, महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदान तक कांग्रेस का इतिहास देश की आत्मा से गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज जब कांग्रेस से उसके अस्तित्व और भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तब देश की आज़ादी से लेकर लोकतंत्र की रक्षा तक की पूरी यात्रा स्वयं कांग्रेस की सबसे बड़ी गवाही है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि कांग्रेस 140 वर्ष पहले भी देश की आवाज़ थी, आज भी आम जनता की आवाज़ है और आने वाले समय में भी संविधान एवं जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है।

मुख्यवक्ता के रूप में जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र उपाध्याय ने कांग्रेस के 140 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक कांग्रेस ने देश को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थापना, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में कांग्रेस का योगदान ऐतिहासिक रहा है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर भी विचार रखे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व और राहुल गांधी द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को देश की जनता से सीधा संवाद और लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा सामाजिक एकता, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्षद भागीरथी बिष्ट, पूर्व पार्षद राधा आर्य, प्रदेश सचिव डॉ. मयंक भट्ट, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, राधा चौधरी, देवकी देवी, सुनीता टम्टा, जगमोहन बगड़वाल, कैलाश साह, जगदीश वाणी, गोविंद बगड़वाल, संजू उप्रेती, संदीप जोशी, हरीश लाल वैध, भुवन चंद्र, प्रकाश चंद्र, चंदन भाकुनी, अमित रावत, एडवोकेट किशोर जोशी, एडवोकेट योगेंद्र पाठक, एडवोकेट शाद अली, एडवोकेट कोमल जायसवाल, मनोज भट्ट, प्रदीप बिष्ट, राजा रवि पांडे, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन कांग्रेस के संस्थापक नेताओं को स्मरण करते हुए और संविधान, लोकतंत्र व देश की एकता की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button