62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, SOG मुखानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

नैनीताल/हल्द्वानी।हिंदी न्यूज। उत्तराखण्ड को ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने की दिशा में नैनीताल पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत SOG एवं थाना मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 207 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी को मुखानी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान दो व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनपाल पुत्र रामसहाय, निवासी जवाहर ज्योती दमुवाढुगा, थाना काठगोदाम, नैनीताल के रूप में हुई, जिसके पास से 125 ग्राम स्मैक बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी रामचन्द्र पुत्र लीलाधर, निवासी भेटाखास, थाना कटरा, तहसील तिलहर, जिला शाहजहांपुर (उ.प्र.) के कब्जे से 82 ग्राम स्मैक मिली। दोनों से कुल 207 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने तथा आर्थिक लाभ के लिए स्मैक की तस्करी व बिक्री करते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, बंशीधर जोशी, तथा SOG टीम से भूपेंद्र ज्येष्ठा, संतोष बिष्ट और अरुण राठौर शामिल रहे।

उधर, इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को ₹2000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button