नैनीताल/हल्द्वानी।हिंदी न्यूज । स्वराज भवन (कांग्रेस कार्यालय) के तत्वावधान में उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी आदरणीया श्रीमती सुनीता गाँवड़े, सह-प्रभारी आदरणीया सुश्री पूनम पंडित एवं प्रदेश अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती ज्योति रौतेला ने कुमाऊँ मंडल महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे शोषण, अत्याचार और बढ़ते अपराधों पर गहन चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, सरकार की उदासीनता के खिलाफ संघर्ष की रणनीति तय करना तथा महिलाओं को जागरूक कर संगठित आंदोलन खड़ा करना रहा।
प्रदेश प्रभारी सुनीता गाँवड़े ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार केवल नारों की राजनीति तक सीमित रह गई है। एक ओर “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” जैसे नारे दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा से जुड़े उच्च पदों पर बैठे लोग और कार्यकर्ता ही महिलाओं के शोषण में संलिप्त पाए जा रहे हैं। यह सरकार की कथनी और करनी का सबसे बड़ा विरोधाभास है।
सह-प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। यदि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को संघर्ष के हर रास्ते पर जाना पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ महिला कांग्रेस की “शेरनियाँ” किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं।
प्रदेश अध्यक्षा ज्योति रौतेला ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि महिला कांग्रेस पहले भी सरकार को महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों को लेकर आगाह कर चुकी है। यदि अब भी सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी और सरकार की नींव हिला देगी।
कार्यक्रम की आयोजक एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा की प्रभारी जया कर्नाटक ने कहा कि सरकार की महिलाओं के प्रति उदासीनता अब असहनीय हो चुकी है। इसलिए महिला कांग्रेस ने यह संकल्प लिया है कि वह घर-घर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और अत्याचारों के खिलाफ लड़ने के लिए जागरूक करेगी, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधों को रोका जा सके।
जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस खष्टी बिष्ट ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। सरकार केवल सीबीआई जांच के नाम पर प्रचार कर रही है, लेकिन सच्चाई जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की सच्चाई जान चुकी है और वर्ष 2027 में करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

कार्यक्रम का सफल संचालन रानीखेत जिलाध्यक्ष गीता पंवार द्वारा किया गया।बैठक में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से विमला सांगुड़ी, मधु सांगुड़ी, मीना शर्मा, भागीरथी बिष्ट, शोभा बिष्ट, सीमा टम्टा, गीता पंवार, राधा बिष्ट, रेखा सोनकर, सुनीता कश्यप, पूजा सिंह, मोनिका ढाली, चम्पा चिलवाल, रजनी, जया कपिल, भावना भट्ट, धनी दुमका, सुनीता शाही, पुष्पा सम्मल, सुनीता देवी, शारदा बमेठा, मंजू पाण्डेय, रत्ना श्रीवास्तव, हेमा दुमका, निर्मला जोशी, अलका आर्या, बीना जोशी, सविता गुर्रानी, दीपा गोस्वामी, पुष्पा आर्या, मुन्नी नयाल, सीमा आर्या, तलत एहतेशाम, निकिता आर्या, मोनिका सती, प्रीती बिष्ट, जानकी आर्या, सुनीता टम्टा, भगवती जोशी, भगवती बिष्ट, लता पाण्डेय, पुष्पा तिवारी, कमर जहाँ, साहिस्ता बेगम, शबनम, शकुंतला, कमला सनवाल, कृष्णा नेगी, रेनू तोमर, मुन्नी पंत, मुन्नी उप्रेती, कनक जीना, राधा दानु सहित अनेक महिलाएं शामिल रहीं।
बैठक के अंत में महिला कांग्रेस ने एक स्वर में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
