‘कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने उठाए फतेहपुर क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दे’
नैनीताल/फतेहपुर।हिंदी न्यूज। देवी मंदिर फतेहपुर परिसर में डीएफओ रामनगर ध्रुव मर्तोलिया के साथ जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गहन एवं विस्तारपूर्वक वार्ता की गई। यह संवाद क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं कांग्रेस कमेटी (उत्तराखंड) सह-संयोजक उत्तराखंड नीरज तिवारी ने ग्रामीणों की जमीनी समस्याओं को मजबूती से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की पुरजोर मांग की।

नीरज तिवारी ने कहा कि नवाड़ सलानी तोक गुजरौड़ा,फतेहपुर सड़क वर्षों से ग्रामीणों की प्रमुख मांग रही है। सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से आवश्यक क्लियरेंस न मिलने के कारण विकास कार्य बाधित है। उन्होंने डीएफओ रामनगर से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया में शीघ्रता लाने का विनम्र अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापार से जुड़ी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में भाखड़ा नदी से हो रहे निरंतर भू-कटाव का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया गया। नीरज तिवारी ने कहा कि नदी कटाव के कारण किसानों की उपजाऊ भूमि नष्ट हो रही है और कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने तटबंध निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए इस दिशा में ठोस कार्यवाही की मांग की।
इसके साथ ही बाघ, गुलदार एवं अन्य वन्यजीवों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों को हो रहे जान-माल के नुकसान पर चिंता जताई गई। ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सौर ऊर्जा आधारित फेंसिंग लगाए जाने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए सुरक्षित समाधान साबित हो सकती है।
निहाल नदी से फतेहपुर–कालाढूंगी रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्रामीणों के हक-हकूक से जुड़े विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नीरज तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय-सीमा अपर्याप्त है, जिससे ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन अधिकारों की अवधि बढ़ाने की मांग रखी।
वन क्षेत्रों से सटे गांवों में सौर ऊर्जा लाइट लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया, ताकि रात के समय सुरक्षा बढ़े और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही क्षेत्र में वन्यजीवों के स्थायी समाधान हेतु दीर्घकालिक योजना बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान वन अग्नि रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी गंभीर विमर्श हुआ। नीरज तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर जंगलों को आग से बचाने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह जनसंवाद जनहित, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीणों की सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर फतेहपुर एवं गुजरौड़ा की ग्राम प्रधान ऋतु जोशी सहित बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।
