रिपोर्ट, मतलुब अहमद
उत्तराखंड,पौड़ी पुलिस ने महिला अपराधों के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को साबित करते हुए एक और गंभीर अपराध का पर्दाफाश किया है। स्थानीय युवती के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चले की 25 दिसंबर 2024 को थाना पैठाणी में एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी पुत्री के साथ उत्तम सिंह नेगी नामक व्यक्ति ने दिनांक 3 दिसंबर 2024 को जबरदस्ती दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
पैठाणी पुलिस टीम ने मामले की गहराई से जांच की और ठोस साक्ष्यों का संकलन किया। जांच में आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इस घटना पर थाना पैठाणी में मामला दर्ज किया गया। 16 जनवरी 2025 को आरोपी उत्तम सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है।
पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि महिला अपराधों के प्रति उनका रुख जीरो टॉलरेंस का है। इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए उन्होंने न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि समाज को यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।