रिपोर्टिंग टीम ,हिंदी न्यूज़
उत्तराखंड, 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की बेटियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। जूडो और मॉडर्न पेंटाथलॉन की बायथलन स्पर्धा में राज्य की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
जूडो में उत्तराखंड की उन्नति शर्मा ने जीता स्वर्ण पदक,
जूडो की 63 किलोग्राम बालिका वर्ग में उत्तराखंड की उन्नति शर्मा ने अपने कौशल और ताकत का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने सभी मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया और फाइनल में मध्य प्रदेश की हिमांशी टोकस को हराकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर की तल्हा फयाज और मणिपुर की इरेंगबाम कल्पना देवी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
हल्द्वानी की भार्गवी रावत ने बायथलन में जीते दो पदक,
हल्द्वानी की भार्गवी रावत ने मॉडर्न पेंटाथलॉन की बायथलन स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। भार्गवी की इस उपलब्धि से पूरे हल्द्वानी में हर्ष का माहौल है और उनके परिवार, दोस्तों और कोच को उन पर गर्व है।
अन्य वर्गों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,पुरुष 81 किग्रा जूडो: पंजाब के हर्षप्रीत सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा के नरेंद्र ने रजत पदक जीता। उत्तर प्रदेश के अभिषेक चौधरी और आकाश राज को कांस्य पदक मिले।
महिला 70 किग्रा जूडो: हरियाणा की गरिमा चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता। हिमाचल प्रदेश की ताखेलम्बम इनुंगनबी को रजत पदक मिला, जबकि हरियाणा की मोनिका हुड्डा और केरल की देवीकृष्ण वी.एस. ने कांस्य पदक जीते।
पुरुष 90 किग्रा जूडो: मध्य प्रदेश के भरम कुमार वत्स ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सर्विसेज के अजय कुमार ने रजत और मणिपुर के निंगथौजम शीतल और जम्मू-कश्मीर के रजत सिंह चिब ने कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की सफलता से राज्य में खुशी की लहर,उत्तराखंड के खिलाड़ियों की इस सफलता से राज्य में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और अधिकारियों का मानना है कि ये उपलब्धियां भविष्य में और अधिक युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी।भार्गवी रावत और उन्नति शर्मा को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए ढेरों बधाइयाँ!