सौगात-ए-मोदी” अभियान: 32 लाख जरूरतमंदों तक पहुंचेगी मदद

नई दिल्ली। हिन्दी न्यूज़ ,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक मोर्चा ने रमजान के पाक महीने और आगामी त्यौहारों के अवसर पर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के लिए “सौगात-ए-मोदी” अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत मोर्चा के 32 हजार पदाधिकारी, 32 हजार मस्जिदों से संपर्क कर 32 लाख जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाएंगे।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने जानकारी दी कि अभियान के तहत प्रत्येक पदाधिकारी एक मस्जिद से संपर्क कर 100 जरूरतमंद व्यक्तियों की सूची तैयार करेगा। इन जरूरतमंदों को “सौगात-ए-मोदी” किट के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्रदान की जाएंगी।

किट में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री, रोजमर्रा की जरूरी चीजें और अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल की जाएंगी। मोर्चा का उद्देश्य रमजान और अन्य त्यौहारों के अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करना और समाज में सौहार्द व भाईचारे को बढ़ावा देना है।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने बताया कि रमजान, ईद, गुड फ्राइडे, ईस्टर, नवरोज और भारतीय नववर्ष के अवसर पर यह अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, हर जिले में ईद मिलन समारोह आयोजित करने की भी योजना है, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय से भाजपा का सीधा संवाद स्थापित हो सके।

 इस अभियान की रणनीति को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जमाल सिद्दीकी ने की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी शामिल रहे।

बैठक का संचालन डॉ. असलम ने किया, जबकि समापन पर मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.एम. अकरम ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस दौरान पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय हाजी निसार अहमद को श्रद्धांजलि दी गई और उनके लिए मगफिरत की दुआ भी की गई।

इस अभियान के जरिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुस्लिम, ईसाई, पारसी और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। जमाल सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन त्योहारों को सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं और जरूरतमंदों की मदद करें।

भाजपा का यह अभियान एक सामाजिक और राजनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संवाद और जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास करेगा। इसके जरिए रमजान, ईद और अन्य त्यौहारों पर जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने के साथ-साथ भाजपा अल्पसंख्यक समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button