उत्तराखंड।हिंदी न्यूज़ ,उत्तरकाशी जिले से गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक निजी हेलीकॉप्टर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा सुबह करीब 8:45 बजे हुआ, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल), अग्निशमन दल, चिकित्सा टीम और अन्य आपदा प्रबंधन इकाइयाँ मौके पर रवाना हुईं। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर एयरोट्रांस कंपनी का था, जो सहस्त्रधारा हेलीपैड से उड़ान भरकर हर्षिल के लिए रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक पायलट और छह यात्री शामिल थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक यात्री गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में चार मुंबई, एक उत्तर प्रदेश और एक आंध्र प्रदेश के निवासी शामिल हैं।
मृतकों के नाम काला सोनी (61 वर्ष, महिला) मुंबई,विजया रेड्डी (57 वर्ष, महिला) मुंबई, रुचि अग्रवाल (56 वर्ष, महिला) – मुंबई,राधा अग्रवाल (79 वर्ष, महिला) उत्तर प्रदेश वेदवती कुमारी (48 वर्ष, महिला) आंध्र प्रदेश रॉबिन सिंह (60 वर्ष, पुरुष) गुजरात (पायलट), घायल यात्री मस्तू भास्कर (51 वर्ष, पुरुष) – आंध्र प्रदेश जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज तेजी से किया जा रहा है।
हादसे के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और तकनीकी खराबी को इस दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है।
इस हादसे के बाद ऐहतियातन गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से संचालित केदारनाथ हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए यह कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।”
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्य सरकार ने इस हादसे की गहन जांच के निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क में हैं।