देहरादून,हिंदी न्यूज़ ।भाजपा नेता विजय शाह के महिला विरोधी और शर्मनाक बयान के खिलाफ उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने आज देहरादून के कनक चौक पर ज़ोरदार प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। यह विरोध प्रदर्शन न केवल महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए था, बल्कि भारतीय सेना के गौरव और सम्मान को लेकर भी महिला कांग्रेस का कड़ा संदेश था।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाकार्यकर्ता, पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा का प्रतीकात्मक पुतला जलाया गया, जो विरोध का प्रतीक था।
श्रीमती रौतेला ने अपने संबोधन में कहा, “कर्नल सोफिया कुरैशी जैसी जांबाज़ महिला अधिकारी के खिलाफ दिया गया यह बयान न सिर्फ महिलाओं का अपमान है, बल्कि यह देश की सेना का भी अपमान है। महिला कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा नेताओं की सोच में जो विष है, वह बार-बार उजागर होता रहा है। लेकिन इस बार हम चुप नहीं बैठेंगे।”प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए “महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”,”सेना का अपमान बंद करो”,“विजय शाह माफी मांगो”,“नारी शक्ति ज़िंदाबाद”।
महिला कांग्रेस ने मीडिया और जनता से इस लड़ाई में साथ देने की अपील की है ताकि ऐसी आवाज़ें और अधिक बुलंद हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड महिला कांग्रेस महिलाओं के अपमान के हर प्रयास का डटकर विरोध करती रहेगी और हर उस ताकत के खिलाफ आवाज़ उठाएगी जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाए।
यह विरोध प्रदर्शन एक चेतावनी है कि अब महिलाएं चुप नहीं रहेंगी। उत्तराखंड की धरती से उठी यह आवाज़ पूरे देश की महिलाओं के सम्मान की लड़ाई का हिस्सा बन चुकी है।