“निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों के समाधान हेतु दिए कड़े निर्देश”
हल्द्वानी,हिदी न्यूज़, जिले में पुलिस अवसंरचना को मजबूत बनाने के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आज थाना काठगोदाम एवं थाना चोरगलिया में बनाए जा रहे द्वितीय श्रेणी के नवीन आवासीय भवनों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों थानों में 06-06 आवासीय भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कमरों, रसोईघर, बाथरूम, छतों एवं दीवारों की गुणवत्ता सहित सभी निर्माण क्षेत्रों का गहनता से अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य में कमियाँ पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षकों को तुरंत सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि नए आवासीय भवनों में बिजली और पानी की निरंतर एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक संसाधन व उपकरण भली-भांति उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आवासीय सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
अग्निसुरक्षा के दृष्टिगत डॉ. टीसी ने नवीन आवासीय भवनों के तीसरे तल पर दो फायर एक्सटिंग्विशर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने भवनों में वाटर लीकेज चेकिंग कराने और यदि कहीं रिसाव पाया जाए तो तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण किए जाएं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरानश्र रेवाधर मठपाल, एसपी संचार नैनीताल, हरकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, हरपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया, विमल कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष काठगोदाम, पांडे, सहायक अभियंता, अस्थाई निर्माण इकाई (मु.), उत्तराखण्ड पेयजल निगम, देहरादून, हेम चंद्र सती, प्रधान लिपिक श्रीमती दीपा, भवन लिपिक,श्रीमती हेमा ऐठानी, पीआरओ,सहित दोनों थानों के कई पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस प्रमुख ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की चूक न हो और सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए।
