नैनीताल, हिंदी न्यूज़ ,मुक्तेश्वर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई मारुति 800 कार को बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
ये घटना 22 तारीख की बताई जा रही है । सरना निवासी भगवत पांडेय पुत्र खीमानंद पांडेय ने थाना मुक्तेश्वर में तहरीर देकर बताया कि उनकी कार मारुति 800 (UK04X1257) अज्ञात चोर द्वारा बबियाड़ रोड से चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी नैनीताल अमित कुमार—के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर जगदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहन चोरी की घटना का सुराग जुटाने में लग गई।
शनिवार देर शाम मुक्तेश्वर क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को एक मारुति 800 संदिग्ध परिस्थिति में आती दिखाई दी। वाहन की जांच करने पर यह वही कार निकली जिसे चोरी की रिपोर्ट की गई थी। पुलिस ने मौके से चालक को दबोच लिया।गिरफ्तार चोर की पहचान ललित मोहन पुत्र जगदीश चंद्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कार चोरी करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में जगदीप सिंह नेगी, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर,उ0नि0 मनीषा सिंह,कानि, अशोक कुमार ,कानि, राजेंद्र सिंह शामिल रहे।पुलिस प्रशासन ने कहा कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
