रामनगर (नैनीताल), हिंदी न्यूज, तराई पश्चिमी वन प्रभाग में हालिया बुलडोजर कार्रवाई से आक्रोशित पूछड़ी सहित विभिन्न वन ग्रामों के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रकाश चंद्र आर्य के कार्यालय पर हल्ला बोल कर दिया। ग्रामीणों ने डीएफओ की गाड़ी को घेरकर धरना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें कार्यालय में वापस लौटना पड़ा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद ग्रामीण देर तक डटे रहे और न्याय की गुहार लगाते रहे।

यह प्रदर्शन 7 दिसंबर को पूछड़ी के बिहारी तप्पड़ क्षेत्र में हुई बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ था, जिसमें वन विभाग ने आरक्षित वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के नाम पर 50 से अधिक घरों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने इसे कानूनी कार्रवाई बताया, जबकि ग्रामीण इसे हाई कोर्ट के स्टे ऑर्डर और वन अधिकार कानून 2006 का घोर उल्लंघन बता रहे हैं।
बताते चले कि पूछड़ी वन ग्राम के निवासी दशकों से इस भूमि पर बसते आए हैं। प्रशासन के अनुसार, यहां 170 परिवारों को नोटिस दिए गए थे और कई पर बुलडोजर चलाया गया। डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने कार्रवाई को पूरी तरह कानूनी बताया है।
ग्रामीणों का पक्ष है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम स्तरीय वनाधिकार समिति गठित हो चुकी है। वन अधिकार कानून की धारा 4(5) स्पष्ट कहती है कि दावों की जांच पूरी होने तक बेदखली नहीं की जा सकती। फिर भी 60 से अधिक परिवारों के घर और खेती तबाह कर दी गई। कई परिवारों को हाई कोर्ट से स्टे मिला था, लेकिन कार्रवाई रुकी नहीं, जो कोर्ट की अवमानना है।धरने पर हुई सभा में वक्ताओं ने इसे ‘भाजपा के बुलडोजर राज’ का हिस्सा बताया और गरीबों पर अत्याचार करार दिया।
संयुक्त संघर्ष समिति ने साफ मांगें रखीं कि डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य सहित जिम्मेदार अधिकारियों की जल्द बर्खास्तगी।बेघर हुए परिवारों का तुरंत पुनर्वास।सभी वन ग्रामों को राजस्व ग्राम का दर्जा।और वही आगे की लड़ाई के लिए 21 दिसंबर को पूछड़ी के हनुमान मंदिर के पास दोपहर 12 बजे बड़ी बैठक बुलाई गई है।

सभा में रेनू सैनी, कमला देवी, सुनीता देवी, सीमा तिवारी, केसर राणा, प्रेम राम, जगमोहन सिंह रावत, प्रभात ध्यानी, रोहित रुहेला, भगवती आर्य, सरस्वती जोशी, मुनीष कुमार, तुलसी छिंबाल आदि ने संबोधन किया। संचालन ललित उप्रेती ने किया।यह संघर्ष वन संरक्षण और वनवासियों के पारंपरिक अधिकारों के बीच चल रहा है। आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र होने की संभावना है।
