“संविधान, लोकतंत्र और एकता की शपथ के साथ हल्द्वानी में गूंजा राष्ट्रगान”
नैनीताल/हल्द्वानी ,हिंदी न्यूज।आज 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुरू नानक कॉम्प्लेक्स, मंगल पड़ाव, हल्द्वानी में राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गौरव और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता जनाब जफर अली, अब्दुल माजिद और डॉ. पुरन सिंह नेगी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम के आयोजन में एडवोकेट मजहर अली, एडवोकेट अजहर, नासिर, डॉ. शाहिद रज़ा, तनवीर अली,मोहम्मद सुऐब सहित अन्य समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। आयोजकों द्वारा राहगीरों को 26 जनवरी की शुभकामनाओं के साथ फल, मिठाइयों और पानी का वितरण किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना का सुंदर संदेश दिया गया।

इस अवसर पर एडवोकेट मजहर अली ने अपने संबोधन में कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे संविधान की ताकत, लोकतंत्र की जड़ों और नागरिकों की जिम्मेदारी का प्रतीक है। आज पूरा देश डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान निर्माताओं को नमन कर रहा है, जिन्होंने हर नागरिक को समान अधिकार और न्याय का भरोसा दिया।”
वहीं डॉ. पुरन सिंह नेगी ने कहा,“गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हम सबको मिलकर ईमानदारी, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति के साथ देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।”

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र की मजबूती के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि गणतंत्र की शक्ति जनता में निहित है और जब समाज एकजुट होता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।पूरे आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि हल्द्वानी की धरती पर देशभक्ति, सामाजिक एकता और संविधान के प्रति सम्मान आज भी जीवंत है।
