फतेहपुर पंचायत भवन में 9 दिवसीय सौर उद्यमिता प्रशिक्षण का समापन, 60 महिलाओं को मिले प्रमाण पत्र

हल्द्वानी (फतेहपुर)।हिंदी न्यूज, ग्राम पंचायत फतेहपुर स्थित पंचायत भवन में आयोजित 9 दिवसीय सौर उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमाण पत्र वितरण के साथ विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह के दौरान महिलाओं को सौर ऊर्जा, उससे जुड़ी सरकारी योजनाओं और इसके आर्थिक व सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

बताते चलें कि कौशल विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (NIESBUD) द्वारा यह 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह प्रशिक्षण “सौर उद्यमिता पर ESDP” विषय पर आधारित था, जिसे नए उद्यमियों एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विक्रेताओं के लिए तैयार किया गया।

यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित NIESBUD के माध्यम से तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा क्षेत्र में स्वरोज़गार एवं उद्यमिता के अवसरों से अवगत कराना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सौर ऊर्जा आधारित व्यवसाय, तकनीकी जानकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं, वित्तीय सहायता, सब्सिडी, मार्केटिंग रणनीतियां तथा व्यावहारिक अनुभव से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इससे महिलाओं और युवाओं में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा तथा “कौशल भारत – कुशल भारत” के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।

यह 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक पंचायत भवन, फतेहपुर, हल्द्वानी में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विकास भगत एवं ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ऋतु जोशी ने की। प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों में विनोद पाडे, राजेश काणपाल एवं रोहित जोशी शामिल रहे।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिला गूज़न ने बताया कि उन्हें सोलर लाइट एवं सौर ऊर्जा के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया, जिससे बिजली की बचत कर अपने घर की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाया जा सकता है। वहीं बिना साह ने उत्साहपूर्वक बताया कि प्रशिक्षण के दौरान रोहित जोशी एवं विनोद पाडे द्वारा सौर ऊर्जा से जुड़े सभी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया गया।

वहीं फतेहपुर निवासी दिव्या नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी गई, जो एक सराहनीय और जनहितकारी पहल है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान ऋतु जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से सब्सिडी युक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक महिलाएं बड़ा प्रोजेक्ट लगाकर स्वरोज़गार अपना सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ महिलाएं उठाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने  आगे बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर महिलाओं एवं युवाओं के लिए विभिन्न सरकारी योजनाएं लाई जाती हैं और उन्हें स्वरोज़गार के प्रति जागरूक किया जाता है।

 

आयोजकों ने क्षेत्र के इच्छुक युवाओं, नए उद्यमियों एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक लोगों से भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button