हल्द्वानी में ट्रांसपोर्ट व्यापारियों की समस्याओं पर विधायक गंभीर, ड्रेनेज समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश

नैनीताल/हल्द्वानी, हिंदी न्यूज। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक  सुमित हृदयेश ने शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर  हल्द्वानी का दौरा कर ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष  प्रदीप सबरवाल के कार्यालय में क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।

मुलाकात के दौरान ट्रांसपोर्ट व्यापार से जुड़ी विभिन्न जमीनी समस्याओं, दैनिक चुनौतियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों ने विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर में वर्षों से चली आ रही गंभीर ड्रेनेज समस्या, जलभराव, अव्यवस्थित नालियों, पार्किंग की अव्यवस्था तथा वाहनों के संचालन में आ रही कठिनाइयों की ओर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया। व्यापारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में जलभराव के कारण ट्रांसपोर्ट नगर में आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ता है।

व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और ड्रेनेज व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि समस्याओं का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और जनहित एवं व्यापार हित से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार एवं प्रशासन के स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं के विकास, पार्किंग व्यवस्था के सुधार और ड्रेनेज समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने व्यापारियों से संवाद बनाए रखने की बात कही ताकि समय-समय पर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके।

इस अवसर पर  खीमानंद शर्मा, इंदर भुटियानी, मंसूर खान, पंकज वोहरा, नफीस अहमद, चंद्रशेखर पांडेय, चंद्रशेखर भट्ट,  शंकर भुटियानी, इमरान, संदीप महेश्वरी, लक्ष्मण नेगी, हरपाल सेठी, दया शर्मा सहित अन्य सम्मानित ट्रांसपोर्ट व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button