आम बजट 2026 पर विधायक सुमित हृदयेश का तीखा प्रहार,आम जनता के लिए निराशाजनक।

“बाजार की गिरावट ही बजट का असली आईना,

नैनीताल/हल्द्वानी।हिंदी न्यूज।आम बजट 2026 को लेकर हल्द्वानी विधायक  सुमित हृदयेश ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे आम जनता की उम्मीदों के विपरीत बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी बजट की वास्तविक कसौटी देश के शेयर बाजार होते हैं और बजट पेश होते ही सेंसेक्स और निफ्टी में आई भारी गिरावट इस बात का स्पष्ट संकेत है कि यह बजट निवेशकों और आम नागरिकों दोनों को भरोसा नहीं दिला सका।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार द्वारा फ्यूचर ट्रेडिंग पर टैक्स लगाने का फैसला एक गंभीर भूल है। इस घोषणा के तुरंत बाद शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली, वहीं सोना-चांदी के दामों में अचानक आई कमी भी चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि इन फैसलों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रुपये की वैल्यू पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, जिससे देश की आर्थिक स्थिरता और कमजोर होगी।

उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे आपदा प्रभावित पहाड़ी राज्य की उपेक्षा पर नाराजगी जताई। विधायक ने कहा कि हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं से जूझने वाले उत्तराखंड के लिए बजट में किसी भी प्रकार का विशेष आर्थिक पैकेज न दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे साफ है कि केंद्र सरकार पहाड़ी राज्यों की वास्तविक समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।

विधायक हृदयेश ने आगे कहा कि इस बजट से बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और किसानों को कोई ठोस राहत नहीं मिली है। रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद, बजट में इनके लिए कोई प्रभावी और ठोस योजना नजर नहीं आती।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर आम बजट 2026 आम जनता की अपेक्षाओं के बिल्कुल विपरीत है और इससे देश की अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता का माहौल बनता जा रहा है। यह बजट न तो रोजगार देता दिखता है, न महंगाई से राहत और न ही राज्यों की विशेष जरूरतों को समझता है।

अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार को चाहिए था कि वह जमीनी हकीकत को समझते हुए ऐसा बजट पेश करती जो आम आदमी, किसानों, युवाओं और आपदा-प्रभावित राज्यों को वास्तविक राहत देता, लेकिन दुर्भाग्यवश यह बजट उस कसौटी पर पूरी तरह असफल साबित हुआ है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button