रिपोर्ट, मतलुब अहमद
देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभंकर “मौली” (मोनाल पक्षी) पूरे देश में आकर्षण का केंद्र बना रहा। समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में मौली का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौली ने राष्ट्रीय खेलों के दौरान अपनी सक्रियता से सभी का दिल जीत लिया और उत्तराखंड के राज्य पक्षी मोनाल की विशिष्टता को देशभर में पहचान दिलाई।
38,वें राष्ट्रीय खेलों ने उत्तराखंड को “देवभूमि” और “वीरभूमि” के साथ अब “खेल भूमि” के रूप में भी नई पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास और नई खेल नीति के परिणामस्वरूप उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस बार उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर देशभर में शीर्ष सात राज्यों में स्थान हासिल किया, जबकि 37वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य 25वें स्थान पर था।
उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों को “ग्रीन गेम्स” के रूप में भी याद किया जाएगा। इस दौरान ई-वेस्ट से बने मेडल वितरित किए गए और पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम पर पौधरोपण किया गया। यह आयोजन उत्तराखंड के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है।