नैनीताल/हल्द्वानी।हिंन्दी न्यूज ।शहर में बढ़ती यातायात अनियमितताओं, दुर्घटनाओं तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एसपी ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी महेश चंद्रा द्वारा टेंपो एवं ई-रिक्शा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, वाहनों की पहचान संबंधी समस्याओं और यात्रियों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सभी टेंपो एवं ई-रिक्शा संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों के आगे और पीछे बड़े एवं स्पष्ट अक्षरों में नंबर प्लेट अवश्य लगाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कई मामलों में छोटे अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट के कारण वाहन की पहचान करने में कठिनाई होती है, जिससे दुर्घटना, चोरी या अन्य आपराधिक घटनाओं की जांच प्रभावित होती है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी यात्री का सामान वाहन में छूट जाता है या कोई अन्य घटना घटित होती है, तो स्पष्ट नंबर प्लेट होने से वाहन चालक से तत्काल संपर्क स्थापित करना आसान होगा। इससे न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होगा।
बैठक में टेंपो एवं ई-रिक्शा एसोसिएशन के पदाधिकारी श्री प्रिंस आहूजा, उमेश चंद्र जोशी, देवीदत्त बहुगुणा, शेर सिंह बिष्ट, राजा आहूजा, गिरीश जोशी, सच्चिदानंद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और शीघ्र ही अपने-अपने सदस्यों को निर्देशों का पालन कराने की बात कही।
पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाएगी और नियमों का पालन न करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में उठाया गया यह कदम आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है
