नैनीताल/ हल्द्वानी।हिंदी न्यूज। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (S.I.R.) के संबंध में नैनीताल जिले में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कांग्रेस पार्टी की ओर से 60-कालाढूँगी विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-1 प्रकाश पाठक ने प्रतिभाग करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए जाने पर जोर दिया।
प्रकाश पाठक ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतंत्र की मूल प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के विचारों से प्रशासन को अवगत कराते हुए मांग की कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं तथा दावे-आपत्तियों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के उपरांत प्रकाश पाठक ने कालाढूँगी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां शीघ्र बीएलए-2 बनाए जाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना समय की आवश्यकता है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी को सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने सभी प्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
