नैनीताल/हल्द्वानी,हिंदी न्यूज। फतेहपुर क्षेत्र में बाघ के हमले में एक निर्दोष महिला की दर्दनाक मृत्यु के बाद राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने घटना को अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में नीरज तिवारी ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की लापरवाही का भी उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद वन अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता का चेक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक घोषित मुआवजा राशि परिवार को प्राप्त नहीं हो सकी है। इसे उन्होंने प्रशासनिक संवेदनहीनता बताया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से निर्धारित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक सहारा मिल सके।

साथ ही क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाघ एवं गुलदार की घटनाओं को गंभीर बताते हुए उन्होंने वन विभाग से कई ठोस कदम उठाने की मांग की। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और सघन गश्त, संवेदनशील इलाकों में सौर ऊर्जा आधारित फेंसिंग की स्थापना, आदमखोर घोषित बाघ को ट्रेंकुलाइज करने अथवा आवश्यक कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए त्वरित रिस्पॉन्स टीम की स्थायी तैनाती शामिल है।
नीरज तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और वन विभाग की होगी।
