हल्द्वानी। हिंदी न्यूज़ नैनीताल रोड स्थित होटल सौरभ में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में हुई इस प्रेस वार्ता में रामगढ़ जिला पंचायत सीट से चुनाव जीतीं पुष्पा नेगी को अध्यक्ष पद के लिए तथा देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक संजीव आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, जिला पंचायत सदस्य हेम नैनवाल, पूनम बिष्ट, अरनव काम्बोज सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यशपाल आर्य ने इस मौके पर भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,“भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और हाल ही में हुए पंचायत चुनाव इसके स्पष्ट प्रमाण हैं। जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है। धनबल और आरक्षण में गड़बड़ी कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी पुष्पा नेगी जीत की ओर अग्रसर हैं।”
आर्य ने विश्वास जताया कि कांग्रेस इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ने यह संदेश दे दिया है कि लोकतंत्र में तानाशाही बर्दाश्त नहीं होगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जिला पंचायत में कांग्रेस के चुने गए सदस्य जनता की आवाज़ को और मज़बूती से उठाएंगे और विकास कार्यों को तेज़ी देंगे। पुष्पा नेगी ने भी अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उनके समर्थन में बड़ी संख्या में सदस्य हैं और जनता का भरोसा उनके साथ है। उन्होंने वादा किया कि यदि वे अध्यक्ष बनती हैं तो पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन और प्रत्याशियों की घोषणा के बाद नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव और भी दिलचस्प हो गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम परिणाम में जनता किस दल को अपना विश्वास सौंपती है।