रिपोर्ट, मतलुब अहमद
हल्द्वानी: आगामी 23 जनवरी 2025 को होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित “युवा परिवर्तन रैली” में भारी जनसैलाब उमड़ा। इस रैली ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि शहर अब बदलाव की ओर बढ़ रहा है। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी के समर्थन में आयोजित इस रैली में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भारी भागीदारी देखी गई, जो हल्द्वानी के विकास, रोजगार और एक बेहतर भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रैली की अगुवाई करते हुए कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा, “हल्द्वानी अब जुमलेबाजी को नकारते हुए विकास की राह पर चलने के लिए तैयार है। जनता का यह समर्थन दर्शाता है कि बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और 23 जनवरी को हल्द्वानी नया इतिहास रचने जा रहा है।”
इस अवसर पर कई कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, हेमंत सिंह बगड़वाल, खजान पांडे, समाजसेवी श्री योगेश जोशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन शामिल थे।
महिला शक्ति की प्रभावशाली भागी दारी रैली की एक प्रमुख विशेषता रही। ई.नेहा, प्रीति आर्या, कोमल आर्या, दीप्ति तिवारी, मंजू दानू बिष्ट और सविता गुरुरानी जैसी समाजसेवियों ने महिलाओं की ओर से विकास के संकल्प को मजबूती से प्रस्तुत किया।
रैली में युवाओं की भारी भीड़ और उनका जोश देखते ही बनता था। युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों में भरोसा जताते हुए कहा कि शहर के भविष्य के लिए कांग्रेस ही सही विकल्प है। कांग्रेस के युवा नेताओं ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में हल्द्वानी को एक आदर्श नगर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
रैली के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने आगामी 23 जनवरी को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने और हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र को प्रगतिशील एवं समृद्ध नगर बनाने का संकल्प लिया।
ललित जोशी ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि हल्द्वानी को रोजगार, विकास और खुशहाली का केंद्र बनाना है। हम सभी को मिलकर एक बेहतर भविष्य की नींव रखनी होगी।”
रैली में शामिल जनता और कार्य कर्ताओं का मानना है कि कांग्रेस की नीतियां शहर को एक नई दिशा देंगी। इस रैली के माध्यम से जनता ने यह संदेश दिया कि हल्द्वानी विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
हल्द्वानी में कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन आगामी चुनावों में पार्टी की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला है।