किच्छा: हिन्दी न्यूज़,जिला ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ (STF) कुमाऊं और थाना पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तस्कर को 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के गांजे के साथ पकड़ा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली राजू (34) पुत्र रहमत अली, निवासी ग्राम बेलवा, थाना फरधान, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 434.748 किलोग्राम गांजे के साथ एक कैन्टर (संख्या UK 06 CB 4534) में पकड़ा है।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलभट्टा थाना पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं यूनिट की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अली राजू ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा सुरेश गुप्ता के कहने पर ऊधम सिंह नगर बेचने जा रहा था। पुलिस को संदेह है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिसके चलते जांच को और गहन किया जा रहा है। गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजने की तैयारी कर ली है।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार तस्कर का नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
नशे के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस की यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़े तस्कर की गिरफ्तारी हुई है, जिससे जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।