शहर का गौरव बनी फातिमा :दसवीं में किया शानदार प्रदर्शन ,क्षेत्र का बढ़ाया मान।

हल्द्वानी,हिंदी न्यूज़। शिक्षा की दुनिया में एक बार फिर हल्द्वानी की धरती ने प्रतिभा को जन्म दिया है। सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम की मेधावी छात्रा फातिमा जावेद ने 10वीं की परीक्षा में 93% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता और विद्यालय का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।

आज के समय में जब अधिकांश विद्यार्थी महंगी ट्यूशन और कोचिंग का सहारा लेकर अच्छे अंक लाने की दौड़ में लगे रहते हैं, वहीं फातिमा जावेद ने यह सफलता बिना किसी बाहरी सहायता, केवल अपनी मेहनत, आत्मअनुशासन और लगन से हासिल की है। फातिमा बताती हैं कि उन्होंने पढ़ाई में पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत की और कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

फातिमा कहती हैं, “मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं लेकिन मेरी यात्रा यहीं खत्म नहीं होती। मेरा सपना है कि मैं एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का, इसके लिए मैं आगे की पढ़ाई में और अधिक मेहनत करूंगी।” फातिमा का मानना है कि दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास ही किसी भी मंज़िल तक पहुंचने की असली चाबी है।

फातिमा अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को देती हैं। उन्होंने बताया कि जब भी पढ़ाई में कोई समस्या आती थी, उनके माता-पिता और स्कूल के गुरुजन उन्हें समझाते और प्रेरित करते थे। यही मार्गदर्शन और सहयोग उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति देता रहा।

फातिमा के पिता जावेद खान इंश्योरेंस सेक्टर से जुड़े हैं । जबकि उनकी माता राबिया खान एक गृहणी हैं। राबिया खान ने बच्चों की पढ़ाई में विशेष ध्यान दिया और घर का माहौल ऐसा बनाया जिससे पढ़ाई में कोई व्यवधान न हो। फातिमा बताती हैं कि उनके माता-पिता ही उनके सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोत हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया।

फातिमा जावेद की यह उपलब्धि उन सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद कुछ बड़ा करना चाहते हैं। फातिमा ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, दिशा सही हो और मन में आत्मविश्वास हो, तो कोई भी सफलता दूर नहीं होती।

उनकी इस शानदार उपलब्धि पर परिवार, स्कूल और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। लोग फातिमा को भविष्य का उज्ज्वल सितारा मानते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Call Now Button